अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें →
हिंदी न्यूज़ मध्य प्रदेशसर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले दिग्विजय पर बरस पड़े सिंधिया, ओसामा-जाकिर का जिक्र कर बताया देशद्रोही
सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले दिग्विजय पर बरस पड़े सिंधिया, ओसामा-जाकिर का जिक्र कर बताया देशद्रोही
पुलवामा आंतकी हमले के बाद किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुरी तरह घिर गए हैं। कांग्रेस पार्टी ने इसे उनका निजी बयान बता पल्ला झाड़ लिया।
Sudhir Jhaलाइव हिन्दुस्तान,भोपालMon, 23 Jan 2023 07:51 PM
ऐप पर पढ़ें
सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुरी तरह घिर गए हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस पार्टी ने इसे उनका निजी बयान बताकर पल्ला झाड़ लिया है तो दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी को आक्रामक होने का मौका मिल गया है। केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश से ही आने वाले नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे भारत माता का अपमान और राष्ट्रविरोधी मानसिकता करार दिया है। कभी कांग्रेस में दिग्विजय सिंह के साथी रहे सिंधिया ने यह भी याद दिलाया है कि आतंकी ओसामा के साथ कभी उन्होंने ‘जी’ लगाया था।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट किया, ‘आतंकी ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी; जाकिर नायक के साथ मंच साझा करना; अपने भाषणों से लगातार मातृशक्ति के प्रति असम्मान; दिग्विजय जी ने अपनी राष्ट्र विरोधी क्रियाओं की सूची में आज एक और को जोड़ा।’ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘जिस भारतीय सेना के प्रयासों, उनकी देश भक्ति और बलिदान के कारण आज आप और पूरा देश सुरक्षित है, उन्हीं पर सवाल उठाकर आपने भारत माता का अपमान किया। क्या ये राष्ट्र विरोधी मानसिकता का प्रमाण नहीं है?’ इस ट्वीट के साथ भी सिंधिया ने दिग्विजय सिंह को टैग किया है।
भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे दिग्विजय सिंह ने जम्मू में सोमवार को पुलवामा हमले और सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर विवादित टिप्पणी की। इसके बाद पार्टी ने उनके बयान से पल्ला झाड़ लिया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘आज वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार कांग्रेस पार्टी के नहीं, उनके व्यक्तिगत विचार हैं। 2014 से पहले यूपीए सरकार ने भी सर्जिकल स्ट्राइक की थी। राष्ट्रहित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का कांग्रेस ने समर्थन किया है और आगे भी समर्थन करेगी।’ इससे पहले दिन में जब दिग्विजय सिंह इस मसले पर एक टीवी चैनल से बातचीत कर रहे थे उस दौरान भी जयराम रमेश बीच में आ गए और उन्होंने पूर्व सीएम को माइक से दूर कर दिया।
क्या कहा दिग्विजय सिंह ने?
अपनी टिप्पणियों से अक्सर विवाद पैदा करने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों को श्रीनगर से दिल्ली हवाई मार्ग से लाने के उसके (सीआरपीएफ के) अनुरोध पर सहमत नहीं हुई थी और पुलवामा में 2019 के एक आतंकी हमले में 40 सैनिकों को अपना बलिदान देना पड़ा था।’ उन्होंने आगे कहा, ‘वे (पीएम मोदी) सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। वे कई लोगों को मारने की बात करते हैं लेकिन कोई सबूत नहीं दिया। वे झूठ के पुलिंदों के सहारे शासन कर रहे हैं।’
आतंकी हमलों के जवाब में सेना ने की थी कार्रवाई
गौरतलब है कि 2016 में उरी आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया था। सेना ने पीओके में जाकर आतंकी लॉन्च पैड तबाह कर दिए थे और कई आतंकियों को मार गिराया था। फरवरी 2019 में पुलवामा हमले के बाद वायुसेना ने बालाकोट एयर स्ट्राइक को अंजाम दिया था।